दुर्ग पुलिस ने आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी

Chhattisgarh Crimesदुर्ग पुलिस ने आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर रोक लगाने और लंबित मामलों के जल्द निपटारे के लिए पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।

इसमें एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने चुनाव से पहले संवेदनशील मतदान केंद्रों और क्षेत्रों की पहचान कर जरूरी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए।

धर्मांतरण से जुड़ी शिकायतों की तथ्यों के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बॉन्ड ओवर की स्थिति की समीक्षा की गई।

चोरी, जुआ-सट्टा और संगठित अपराध पर कार्रवाई के निर्देश

क्राइम मीटिंग में गृहभेदन, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और संगठित अपराधों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अपराध संभावित क्षेत्रों की पहचान कर निगरानी बढ़ाने और पुलिस पेट्रोलिंग मजबूत करने के निर्देश दिए।

जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा। वहीं, मारपीट के मामलों में दोनों पक्षों की ओर से अपराध दर्ज होने पर निष्पक्ष जांच करने और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लंबित मामलों और वारंटों का जल्द होगा निराकरण

एसएसपी ने थानों में लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा वाले मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में 60 और 90 दिन की समय-सीमा वाले मामलों के साथ 140 दिन से लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

सभी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा गया। न्यायालय में पेशी के दौरान न्यायश्रुति ऐप का उपयोग करने और चालान में संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर फ्रॉड और महिला शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साल 2025 से एनसीआरपी पोर्टल पर लंबित शिकायतों और जुलाई 2026 तक प्राप्त शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

ऑनलाइन ठगी के मामलों में तत्काल कार्रवाई कर ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। वहीं, महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से सुनने और जरूरत पड़ने पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

पटाखा दुकानों और फैक्ट्रियों का होगा नियमित निरीक्षण

बैठक में पटाखा फैक्ट्रियों और लाइसेंसधारी पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अग्नि सुरक्षा के नियमों की जांच कर उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा रात में गश्त बढ़ाने, कैदियों की सुरक्षा, डायल-112 के सही उपयोग और थानों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को थाना प्रभारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के कामकाज की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों को बेवजह परेशान न किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।