रायपुर में बुधवार शाम दिनदहाड़े 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesरायपुर में बुधवार शाम दिनदहाड़े 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 3 नाबालिगों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर उस समय हमला किया, जब वह अपने परिवार के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकल रहा था।

उसे गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है। घटना माना थाना इलाके की है।

मृतक की पहचान सावन सेन निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन परिवार के 6 सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था।

वहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध अपचारी से मिलने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया।

तीन महीने पहले हुए हमले का बदला लेने की बात

पुलिस की पूछताछ में तीनों अपचारियों ने बताया कि, करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था।

इसी घटना के बाद से उनके बीच रंजिश चल रही थी। आरोपियों ने इसी का बदला लेने के लिए सावन पर हमला करने की साजिश रची थी। बुधवार को उसके माना पहुंचने की जानकारी मिलने पर तीनों ने वारदात को अंजाम दिया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हमले की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल सावन को तत्काल मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।