रायगढ़ जिले में घर में अकेली रहने वाली 62 साल के बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपी रात में घर में घुसा और आलमारी, संदूक से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। उधार के 4,500 रुपए नहीं मिलने पर उसने लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। दरअसल, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62) ने 1 नवंबर को अपने दोनों बेटों और बहू के साथ खरसिया थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थीं। रात करीब डेढ़ बजे नींद खुली तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा था।
रामबाई ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपए नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी से आया नागेश गवेल (29) मौजूद था। उसका हुलिया संदिग्ध पाया गया।
पुलिस ने नागेश कुमार गवेल की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करना स्वीकार कर लिया।
उधार के पैसे नहीं मिले तो बनाई लूट की योजना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपए उधार मांगने गया था। पैसे नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई।
आरोपी को जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुस गया।
उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी व जेवरात निकालने शुरू किए। इसी दौरान संदूक की आवाज सुनकर महिला जाग गई और उसे पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार किया। इसके बाद नकदी और जेवरात लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
हथौड़ी, डंडा और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 3 हजार रुपए नकद बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से बरामद की गई। वहीं, डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई।
आरोपी ने बाकी 25 हजार रुपए, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के नजदीक छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन बाकी सामान बरामद नहीं हो सका।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
SSP बोले- महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।