रायगढ़ में दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। टीम होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री के नमूने ले रही है।
इसी कड़ी में ढिमरापुर चौक स्थित विजय ट्रेडर्स से 4 अलग-अलग खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान मिठाई और नमकीन की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में अधिक मुनाफा कमाने के लिए कुछ व्यवसायी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखते। इसे देखते हुए जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इन 4 खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
जांच के दौरान टीम ने विजय ट्रेडर्स में पैकेटबंद खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान संदेह के आधार पर इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन, आकाश गार्लिक मिक्सचर, गंगा-जमुना नमकीन और हल्दीराम सोनपापड़ी के सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है।
टीम ने दुकान संचालक को साफ-सफाई रखने और एक्सपायरी सामग्री नहीं बेचने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राहकों की सेहत को ध्यान में रखते हुए मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री बेचने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल और नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।
एक सप्ताह में 10 से अधिक सैंपल लिए
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और डेयरी प्रतिष्ठानों की समय-समय पर जांच की जाती है। त्योहार के दौरान यह अभियान तेज कर दिया जाता है। पिछले एक सप्ताह में 10 से अधिक खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
यह अभियान सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले में चलाया जा रहा है। प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जांच में गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।