रायगढ़ जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एक आरोपी को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर बारूद के गोले से शिकार करने की बात बताई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर में उसका मांस पका रहा है।

पका हुआ मांस जब्त

सूचना मिलते ही उड़नदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच करने पर विजय राठिया मांस पकाते मिला। टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

इसके बाद पका हुआ मांस जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और खरसिया रेंज कार्यालय लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार किया था।

अन्य शिकारियों की तलाश में जुटी टीम

आरोपी से पूछताछ के बाद उड़नदस्ता की टीम अब उसके साथियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी खरसिया रेंज में शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज

वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत POR दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है