सुकमा। जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आगाज’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छिंदगढ़ थाना पुलिस ने एनएच-30 पर घेराबंदी कर एक स्कार्पियो से अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद की।
पुलिस ने वाहन को ड्राइवर गिरफ्तार कर शराब और परिवहन में इस्तेमाल स्कार्पियो जब्त कर ली है। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 5 लाख 26 हजार 80 रुपए बताया गया है।
मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड चौक में नाकेबंदी
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन, एएसपी मनोज तिर्की के मार्गदर्शन और एसडीओपी मनीष कुंवर के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि सुकमा की ओर से एक स्कार्पियो में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है।
सूचना पर थाना प्रभारी आशीष वासनिक के नेतृत्व में टीम ने एनएच-30 स्थित छिंदगढ़ बस स्टैंड चौक पर नाकेबंदी की। इस दौरान संदेह के आधार पर स्कार्पियो क्रमांक CG-19-D-0261 को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन से बीयर और अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं
पुलिस के अनुसार, स्कार्पियो की तलाशी में बड़ी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। ड्राइवर शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने छिंदगढ़ के गांधी चौक निवासी लच्छू राम बातिंग (35), पिता स्व. बुधरू बातिंग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वाहन से 52 बोतल सींबा बीयर (650 एमएल प्रति बोतल), 48 पौवा गोवा शराब और 47 पौवा मैकडॉवल नंबर-1 शराब बरामद की। इनकी कुल मात्रा 50.900 बल्क लीटर बताई गई है।
शराब और वाहन समेत 5.26 लाख की जब्ती
पुलिस के मुताबिक, जब्त बीयर की अनुमानित कीमत 10,920 रुपए, गोवा शराब की 5,760 रुपए और मैकडॉवल नंबर-1 की 9,400 रुपए है। इस तरह कुल शराब की कीमत 26,080 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपए कीमत की स्कार्पियो भी जब्त की गई है। शराब और वाहन सहित कुल जब्ती का मूल्य 5 लाख 26 हजार 80 रुपए बताया गया है।
आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छिंदगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष वासनिक, एएसआई अनंत ज्ञानी मेश्राम, प्रधान आरक्षक सहदेव नेताम, आरक्षक छोटू मौर्य, देवसन सोड़ी और निरंजन नाग की भूमिका रही।