दुर्ग जिले में महिलाओं से मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के जेवर छीनने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जिले के 4 थाना क्षेत्रों में 7 अलग-अलग जगहों पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3 लाख 60 हजार रुपए का सामान बरामद किया है। वारदातों में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र सहित जिले के अलग-अलग इलाकों का है।
दरअसल, लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम बनाई गई थी। इसमें संबंधित थानों की पुलिस को भी शामिल किया गया।
टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हाईवे और ओवरब्रिज पर महिलाओं को बनाता था निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दो वारदातें की थीं। पहली घटना तुलसी ट्रेडर्स के सामने खुर्सीपार चौक पर हुई, जहां उसने मोबाइल और जेवर छीन लिए थे। दूसरी वारदात डबरापारा ओवरब्रिज पर हुई, जहां आरोपी बैग छीनकर भाग गया था। बैग में नकदी और जरूरी दस्तावेज थे।
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मोबाइल छीनने की वारदात हुई थी। जामुल थाना क्षेत्र के नंदनी रोड पर सोने के जेवर और नकदी से भरा बैग छीना गया था। छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस ओवरब्रिज पर भी बैग छीनने की घटना हुई थी।
वहीं, सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्रा-मौर्या टॉकीज के पास और ओवरब्रिज के ऊपर दो अलग-अलग वारदातें हुई थीं। यहां से बैंक के दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीने गए थे। इन सभी घटनाओं में संबंधित थानों में अलग-अलग केस दर्ज किए गए थे।
बाइक समेत 3.60 लाख का सामान जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव (29), पिता एस. सीमांचल राव, निवासी डीएमसी तालाब, कुम्हारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, 5 ग्राम का सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र और 4 मोबाइल बरामद किए हैं।
इसके अलावा दो बड़े पर्स और बैग, 1300 रुपए नकद, दो बैंक पासबुक, एक चेकबुक, डायरी और अलग-अलग बैंकों के एटीएम व डेबिट कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
बरामद सामान में राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं से बैग छीनकर भागता था। इनमें नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज रखे होते थे।
पुलिस ने सभी बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए बताई है। संयुक्त टीम की कार्रवाई से जिले के चार थाना क्षेत्रों में दर्ज झपटमारी के 7 मामलों का खुलासा हुआ है।