रायगढ़ जिले में शराब पीने और पार्टी करने के लिए तीन युवकों ने दो पल्सर बाइक चोरी की

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में शराब पीने और पार्टी करने के लिए तीन युवकों ने दो पल्सर बाइक चोरी की। इसके बाद वे बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया।

उनके पास से करीब 1.80 लाख रुपए कीमत की दोनों बाइक बरामद की गई हैं। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मकरीबंधा निवासी नीलम संजीव बेक (37) CISF इकाई तिलाईपाली में पदस्थ हैं। उन्होंने 16 अक्टूबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर बाइक चोरी हो गई है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।

उनकी पहचान सुकसागर राठिया (20) निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20) निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा के रूप में हुई। दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे।

शराब पार्टी के लिए चुराई थीं दोनों बाइक

पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करना था। इसके लिए उन्होंने बाइक चोरी की थी।

आरोपियों ने करीब एक महीने पहले CISF कार्यालय के गेट के सामने से काले रंग की पल्सर और धरमजयगढ़ के ग्राम ओंगना से काले-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर चोरी की थी।

नंबर प्लेट तोड़ी, इंजन नंबर मिटाने की कोशिश की

पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने दोनों बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इसके अलावा पत्थर से घिसकर इंजन नंबर मिटाने की कोशिश की थी।

उन्होंने सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग भी पोत दिया था, ताकि बाइक की पहचान बदली जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों पल्सर बाइक बरामद की हैं। इनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए, तीसरे की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। साक्ष्य मिटाने की कोशिश के मामले में धारा 238 और 3(5) BNS भी जोड़ी गई है।

पुलिस को तीसरे आरोपी से पूछताछ में चोरी की अन्य बाइक के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की नजर

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोहों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है।