बिलासपुर जिले के छात्रावास अधीक्षकों ने एक दिवसीय अवकाश लेकर नेहरू चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर नियमित और प्रभारी अधीक्षक-अधीक्षिकाएं इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
संघ के बैनर तले सभी ने नेहरू चौक पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से आदिम जाति-अनुसूचित जाति विकास विभाग के सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ का कहना है कि उनकी मांगें कर्मचारियों की नौकरी से जुड़ी सुविधाओं के साथ छात्रावासों के बेहतर संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और देखभाल से भी जुड़ी हैं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में करेंगे आंदोलन
संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर फैसला नहीं होने पर प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन को छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने भी समर्थन दिया।
इस दौरान छात्रावास अधीक्षक संघ के अध्यक्ष विकास तिवारी, उपाध्यक्ष मनु त्रिपाठी मंडल, शुभम तिवारी, राहुल साहू, शेखर विश्वकर्मा और महेश्वर राव सहित जिले के अधीक्षक-अधीक्षिकाएं मौजूद रहे। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के साथ लिपिक संघ के अध्यक्ष रोहित तिवारी ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।