छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मुरली होटल में कस्टमर की प्लेट में सांभर में कीड़ा मिला। दरअसल, सुबह कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर में कीड़ा तैरता दिखाई दिया। इसके बाद उसने दूसरे ग्राहकों को भी दिखाया।
लोगों ने इसकी शिकायत होटल के स्टाफ से की तो उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात मान ली। कुछ कस्टमर खाना छोड़कर होटल से बाहर चले गए। इस घटना का वीडियो ग्राहकों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। टीम ने अगले आदेश तक होटल बंद करने के साथ ही वहां खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी है।
नाश्ता अधूरा छोड़कर निकले ग्राहक
जानकारी के मुताबिक, जिले के कटघोरा के मेन रोड पर स्थित मुरली होटल में सुबह नाश्ते के लिए काफी ग्राहक पहुंचे थे। कई लोग डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा तैरता दिखाई दिया।
यह देखकर ग्राहक हैरान रह गए। उन्होंने दूसरे ग्राहकों को भी दिखाया। घटना के बाद कई लोग नाराज दिखे और नाश्ता अधूरा छोड़कर होटल से बाहर निकल गए।
खाद्य विभाग ने लिया सैंपल, होटल बंद करने का नोटिस
वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम शुक्रवार को कटघोरा पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने मुरली होटल का निरीक्षण किया।
खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुरली होटल की जांच की गई। यहां से सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली।
साथ ही एफएसएसएआई के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इन कमियों को देखते हुए होटल संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस दिया गया है। साथ ही होटल में खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
लक्ष्मी डेयरी के खाने में भी मिला था कीड़ा
साथ ही, टीम ने शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। कुछ दिन पहले एनटीपीसी स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी।
ग्राहकों में नाराजगी, जांच की मांग
इस घटना के बाद ग्राहकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बड़े और नामी होटलों में भी खाने की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से जिले के सभी बड़े होटल और रेस्टोरेंट की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।