रायपुर में एक युवती ने अपनी ही बचपन की सहेली को ठगकर 1.88 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोप है कि उसने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताया। सहेली के भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर कभी पुलिस अधिकारी को पैसे देने तो कभी बड़े वकील की फीस के नाम पर रकम मांगी। पीड़िता का आरोप है कि 16 सितंबर को उससे पैसे लेने के बाद आरोपी नया iPhone खरीदकर लाई और उसे दिखाया भी। जब उसे ठगी का शक हुआ और उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज कर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। मामले में खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है।
स्कूल की दोस्ती का उठाया फायदा
खमतराई निवासी आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूजा सिंह से उनकी पहचान बचपन से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ती थीं। बाद में इंस्टाग्राम के जरिए भी दोनों का संपर्क बना रहा।
शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2025 में पूजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काले कोट और बैंड में तस्वीरें पोस्ट की थीं। उसने खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताया था। आरजू ने भी उसे कई बार रायपुर कोर्ट में वकीलों और क्लाइंट्स के साथ वकील की पोशाक में देखा था। इसी वजह से उसे पूजा की बातों पर भरोसा हो गया।
भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने का दिया भरोसा
आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। प्राची ने आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ क्रूरता और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।
इससे परेशान होकर आरजू ने पूजा से कानूनी मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने छत्तीसगढ़ के बड़े पुलिस अधिकारियों और अपने साथी मजिस्ट्रेटों से पहचान होने की बात कही। उसने भरोसा दिलाया कि वह अपने संपर्कों के जरिए मामला आसानी से सुलझा देगी।
जज बनने का दावा कर वकील से मिलवाया
सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा ने आरजू को फोन कर बताया कि वह दिल्ली से रायपुर आ रही है। 13 सितंबर को आरजू ने उसे यात्रा खर्च के लिए ऑनलाइन 5 हजार रुपए भेजे।
रायपुर पहुंचने के बाद पूजा ने बताया कि उसका चयन राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर हो गया है और वह अभी ट्रेनिंग पर है। इसलिए नियमों के मुताबिक वह खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से केस लड़वाने की बात कही। 14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास उसने आरजू की मुलाकात उनसे कराई।
पुलिस अधिकारी को पैसे देने के नाम पर मांगी रकम
शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर को पूजा ने बताया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बात हो गई है। अधिकारी केस खत्म कराने और परिवार के खिलाफ FIR नहीं होने देने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए 2 लाख रुपए मांगे जा रहे हैं। इसके अलावा पूजा ने अपनी और वकील की फीस के नाम पर भी 50 हजार रुपए मांगे।
आरजू ने वकील के गूगल-पे खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में 5 हजार रुपए ट्रांसफर किए। पुलिस अधिकारी का बैंक खाता मांगने पर पूजा ने कहा कि अधिकारी नकद पैसे लेंगे। इसके बाद आरजू ने किसी तरह 1.5 लाख रुपए जुटाए और पूजा के घर जाकर दे दिए। वहां मौजूद पूजा के भाई, मां और चाचा ने भी भरोसा दिलाया कि पूजा जज बन गई है और उनका काम जरूर हो जाएगा।