महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में डीजे डांस प्रतियोगिता के बाद दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
मारपीट के दौरान हुई चाकूबाजी में ग्राम कोमा निवास डेनिल दीवान (22) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का महासमुंद के अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोमा निवासी डेनिल दीवान अपने सगे-संबंधियों के साथ ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था। इसी दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी बीच चाकू से हमला किए जाने पर डेनिल दीवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान भी गंभीर रूप से घायल हुए। बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 10:30 बजे हुई। चाकूबाजी की घटना डीजे प्रतियोगिता स्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुई।
अस्पताल में डेनिल ने तोड़ा दम, तीन का इलाज जारी
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए महासमुंद लाया गया। यहां डेनिल दीवान की मौत हो गई। वहीं मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान का महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक आंवराडबरी और कन्हारपुरी गांव के बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस विवाद की वास्तविक वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। डीजे प्रतियोगिता देखने पहुंचे युवक की मौत और तीन अन्य के घायल होने की घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।