मुंगेली में पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपए बताई गई है।
साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरदार पटेल वार्ड में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में कुछ लोग ब्राउन शुगर बेचने के लिए रखे हुए हैं। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश गए थे। वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर वे मुंगेली लाए थे। 14 नवंबर को चारों आरोपी इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से ब्राउन शुगर की छोटी पुड़िया बनाने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस ने तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की। इसकी कीमत 59 हजार रुपए बताई गई है। तीन मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 6 हजार 80 रुपए बताई गई है। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपए है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23) के रूप में हुई है। सभी मुंगेली के रहने वाले हैं।
पुलिस ने चारों के खिलाफ सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे की अवैध तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन बाज के तहत की गई यह कार्रवाई जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है।