जांजगीर-चांपा में शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर WhatsApp पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करने के बाद एक व्यक्ति के SBI खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए गए। जांजगीर साइबर पुलिस ने मामले में केरल से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत को 6 जून 2026 को WhatsApp पर शादी के कार्ड के नाम से APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके SBI खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए गए।
जांच के दौरान NCRP पोर्टल से पुलिस को उस बैंक खाते की जानकारी मिली, जिसमें ठगी की रकम भेजी गई थी। इसके आधार पर पुलिस टीम केरल के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी पहुंची और अब्दुल अजीज (29) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने 98 हजार रुपए अपने बैंक खाते में मिलने और रकम निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में उसके खाते में 21 हजार रुपए की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली। NCRP पोर्टल पर इस रकम को लेकर गुजरात से शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया और बैंक खाते को सीज कराया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांजगीर पुलिस ने लोगों से WhatsApp पर आने वाली अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करने की अपील की है। ऑनलाइन ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने को कहा है।