खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ सहित कबीरधाम जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई

Chhattisgarh Crimesखरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ सहित कबीरधाम जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन जिले के 192 किसानों ने टोकन कटाया है। ये किसान कुल 7,250 क्विंटल धान का विक्रय करेंगे। जिले में इस वर्ष 1 लाख 31 हजार 265 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। खरीदी की शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन ने केंद्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी भी शुरू कर दी है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने हरिनछपरा, बोड़ला के बांधाटोला और खड़ोदा खुर्द धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर खरीदी का शुभारंभ कराया। इस दौरान कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने धान बेचने पहुंचे किसानों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और मुंह मीठा कराया। कलेक्टर ने खरीदी शुरू होने पर किसानों और जिले के लोगों को बधाई दी।

जिले में धान खरीदी के लिए कुल 137 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। अब तक इन केंद्रों में 7,266 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन कटाया है। इन किसानों द्वारा कुल 3,84,202.70 क्विंटल धान का विक्रय किया जाना है। वहीं, खरीदी के पहले दिन के लिए 192 किसानों ने टोकन प्राप्त किया है, जिनके द्वारा 7,250 क्विंटल धान बेचा जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, किसानों को पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित तरीके से धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही कर ली गई हैं। संबंधित विभागों और अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

1.31 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन

इस खरीफ विपणन वर्ष में कबीरधाम जिले के कुल 1 लाख 31 हजार 265 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,16,953.89 हेक्टेयर है। बड़ी संख्या में पंजीयन को देखते हुए जिले के सभी 137 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है।

घर बैठे तुंहर टोकन ऐप से टोकन की सुविधा

किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। किसान 15 नवंबर से 15 जनवरी तक अपनी सुविधानुसार ऐप के जरिए टोकन ले सकते हैं।

इससे उन्हें टोकन कटवाने के लिए उपार्जन केंद्रों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसान टोकन में निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुंचकर अपनी उपज बेच सकेंगे।