दुर्ग जिले के नगरीय निकायों में दिसंबर 2026 में होने वाले आम और उपचुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम में बदलाव किया गया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के नगरीय निकायों में दिसंबर 2026 में होने वाले आम और उपचुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और दावा-आपत्तियों के निराकरण के लिए नई समय-सारणी जारी की है।

नई समय-सारणी के अनुसार दावा-आपत्तियों का निराकरण 19 नवंबर तक किया जाएगा। वहीं, विधानसभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज करा चुके पात्र मतदाता नगर निकाय की सूची में नाम जुड़वाने के लिए 20 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में बनेगी सूची

जिला प्रशासन के अनुसार नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों की मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की जा रही है। पहले जारी कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए आयोग ने दूसरे चरण की तारीखों में संशोधन किया है।

कलेक्टर-जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग के 12 नवंबर को भेजे गए पत्र पर विचार करने के बाद आयोग ने 13 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया है।

20 नवंबर तक कर सकेंगे नाम जुड़वाने आवेदन

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची पर मिले दावे और आपत्तियों का निराकरण 19 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर तक नाम जोड़ने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इसके लिए प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के सामने आवेदन करना होगा।

इसका मौका उन मतदाताओं को दिया गया है, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन नगर निकाय की सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे पात्र मतदाता तय प्रारूप में जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र लोगों के नाम नगर निकाय की मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।

निरस्त आवेदनों की भी दोबारा होगी जांच

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रारूप क-1 में आवेदन करने के बाद जिन लोगों के आवेदन निरस्त हो गए थे, उनके मामलों की भी दोबारा जांच की जाएगी।

ऐसे सभी आवेदकों को सूचना दी जाएगी। उनसे जरूरी दस्तावेज लेकर आवेदन की फिर से जांच होगी। पात्र पाए जाने पर उनका नाम नगर निकाय की मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।

इसके लिए सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

26 नवंबर तक पूरी होगी मतदाता सूची की जांच

आयोग ने आवेदन और दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद की प्रक्रिया के लिए भी तारीखें तय की हैं। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 23 नवंबर तक किया जाएगा। वहीं, दावा-आपत्तियों पर आए आदेश से असंतुष्ट लोग आदेश जारी होने के 5 दिन के भीतर अपील कर सकेंगे।

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, पहले से दर्ज नामों में सुधार करने और अपात्र लोगों के नाम हटाने से जुड़ी जानकारी 25 नवंबर तक सॉफ्टवेयर में दर्ज करनी होगी। इसके बाद 26 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच पूरी कर जांच सूची छपाई के लिए जिला कार्यालय को सौंपनी होगी।

लिंक से घर बैठे चेक कर सकेंगे मतदाता सूची में नाम

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन प्रक्रियाओं की तारीखों में बदलाव किया गया है, वे संशोधित समय-सारणी के अनुसार पूरी होंगी। बाकी प्रक्रिया पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक चलेगी। मतदाता घर बैठे ऑनलाइन भी अपना नाम चेक कर सकते हैं।

इसके लिए विधानसभा की मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए मतदाता अपने EPIC नंबर के आधार पर https://electoralsearch.eci.gov.in/uesfmempmlkypo पर सर्च कर सकते हैं।

वहीं, https://cgsecerms.cgstate.gov.in/u202612 पर जाकर यह पता कर सकते हैं कि उनका नाम किस नगरीय निकाय के किस वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज है।