त्योहारों में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesत्योहारों में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड मुख्यालय में लिमाही चौक स्थित उत्सव डेयरी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग रायपुर की टीम ने छापा मारा। छापेमारी में 900 किलो पनीर और दो हजार किलो खोवा समेत बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री का भंडारण मिला। कोल्ड स्टोरेज में रखे खोवा में फफूंद पाई गई, जबकि पनीर और अन्य सामग्री से तेज दुर्गंध आ रही थी। 100 किलो लड्डू और मिल्क केक के साथ कुंदा व दूध भी मिला। डेयरी परिसर में फर्श पर कीचड़ और गंदा पानी जमा था।

विभाग ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम के अनुसार डेयरी संचालक अजित साहू मौके पर नहीं मिला। फिलहाल डेयरी का खाद्य लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। नगर पालिका के सहयोग से खराब और संदिग्ध सामग्री का नष्टीकरण कराया जा रहा है। छापेमारी उपायुक्त आशीष यादव और सहायक आयुक्त डोमन ध्रुव के नेतृत्व में की गई। इसमें वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुर्रे और रिचा शर्मा भी शामिल रहे।

दिवाली से पहले भी यहां टीम ने किया था निरीक्षण जांच के दौरान टीम को डेयरी के कोल्ड स्टोरेज की स्थिति खाद्य सुरक्षा के मानकों के विपरीत मिली। वहां रखे पनीर, खोवा और अन्य सामग्री से तेज दुर्गंध आ रही थी। फर्श पर कीचड़ और गंदा पानी जमा था। ऐसे वातावरण में खाद्य पदार्थों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार को देखते हुए डेयरी में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक मात्रा में खाद्य सामग्री जमा की गई थी। दीपावली से पहले भी विभाग की टीम ने यहां निरीक्षण किया था, लेकिन उस समय इतनी बड़ी मात्रा में स्टॉक नहीं मिला था। इस बार जांच में भारी मात्रा में सामग्री मिलने के बाद विभाग ने उसे नष्ट कराने का निर्णय लिया। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

फैक्ट्रियों में इस्तेमाल होने वाले एसिड से फाड़ा जा रहा था दूध उत्सव डेयरी में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की कई गंभीर खामियां देखने को मिली। जांच में दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एसिडिक एसिड के कंटेनर भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक, दूध फाड़ने के लिए एसिड का इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन यह फूड ग्रेड के बजाय इंडस्ट्रियल ग्रेड का था। खाद्य पदार्थों के निर्माण में फूड ग्रेड सामग्री का ही उपयोग किया जाना चाहिए। विभाग को डेयरी में एनालॉग पनीर बनाए जाने की सूचना भी मिली थी। इसी आधार पर टीम ने जांच की। हालांकि, पनीर एनालॉग है या नहीं, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही होगी।