धमतरी जिले में धान खरीदी शुरू होने के बाद अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। संयुक्त टीमों ने दो दिनों में जिले की अलग-अलग जगहों से कुल 952 बोरा धान जब्त किया है।
राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले में जांच कर रही हैं। इसी दौरान ग्राम अरौद में बलराम ट्रेडिंग कंपनी की जांच की गई। यहां व्यापारी के पास बिना पंजीयन के 55 बोरा धान मिला। टीम ने धान जब्त कर लिया।
प्रशासन की कार्रवाई में ग्राम घुटकेल से 147 बोरा, उमरगांव से 300 बोरा, सांकरा से 150 बोरा, बनरौद नाका से 300 बोरा और अरौद से 55 बोरा धान जब्त किया गया। इस तरह दो दिनों में कुल 952 बोरा धान जब्त हुआ।
सीमावर्ती रास्तों और मंडियों पर निगरानी
प्रशासन उपार्जन केंद्रों, सीमावर्ती रास्तों, मंडियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर निगरानी रख रहा है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध भंडारण, परिवहन और धान की खरीदी-बिक्री करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
दूसरे इलाकों से धान लाकर बेचने की कोशिश करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पंजीकृत रकबे का धान बेचने की अपील
प्रशासन ने किसानों से तय प्रक्रिया के तहत अपने पंजीकृत रकबे का धान ही उपार्जन केंद्रों में बेचने की अपील की है। साथ ही बिचौलियों और अवैध गतिविधियों से दूर रहने को कहा है।