रामानुजगंज में धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध धान लाने और खपाने पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की कार्रवाई जारी है। उड़नदस्ता टीम ने सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे टुकुपत्थर मार्ग पर चार पिकअप गाड़ियों को जब्त किया।
चारों गाड़ियों में उत्तर प्रदेश से लाया जा रहा धान भरा था। कार्रवाई के दौरान चारों गाड़ियों के चालक मौके से फरार हो गए, जबकि गाड़ियों को एस्कॉर्ट कर ला रहा एक व्यक्ति पकड़ में आ गया।
टुकुपत्थर मार्ग पर की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, चारों पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश की ओर से टुकुपत्थर मार्ग होते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम आनंद राम नेताम के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम पहले से तैनात थी।
रात करीब 1:30 बजे टीम ने वाहनों को रोकने के लिए घेराबंदी की। इसके बाद चारों पिकअप को रोककर जांच की गई।
जांच में नहीं मिले परिवहन के दस्तावेज
जांच के दौरान किसी भी वाहन में धान परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और परिवहन पास नहीं मिले। इस पर टीम ने चारों पिकअप को धान समेत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान चारों वाहन चालक मौके से भाग निकले।
वहीं, इन गाड़ियों को रास्ता दिखाते हुए एस्कॉर्ट कर ला रहा एक व्यक्ति पकड़ में आ गया। पूछताछ में उसने उत्तर प्रदेश से बिना परिवहन पास के धान लाना स्वीकार किया।