कोरबा के बालको प्लांट में 49.280 किलो कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को सुरक्षा गार्डों ने पकड़ लिया

Chhattisgarh Crimesकोरबा के बालको प्लांट में 49.280 किलो कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को सुरक्षा गार्डों ने पकड़ लिया। दोनों ने तांबे का तार कमर से छाती तक शरीर पर लपेटकर ऊपर से कपड़े पहन रखे थे। तलाशी में उनके पास से 49,280 रुपए कीमत का कॉपर वायर मिला। बालकोनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपियों ने कर्मचारियों की छुट्टी का फायदा उठाकर रात में चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और गेट पास के इस्तेमाल की भी जांच शुरू की है। गेट पर सुरक्षा गार्डों को हुई शंका

पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच हुई। प्लांट में CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से AIFL कंपनी की कॉपर केबल काटी गई थी।

आरोपी पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) गेट पास कार्ड से प्लांट में घुसे थे। दोनों ने केबल का प्लास्टिक कवर हटाकर तांबे का तार शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहन लिए।

गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उनके शरीर पर लिपटा कॉपर वायर मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 49,280 रुपए कीमत का कॉपर वायर जब्त

सूचना मिलने पर बालकोनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कॉपर वायर का वजन 49.280 किलो मिला। इसकी कीमत 49,280 रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत की छत से प्लास्टिक कवर के अवशेष जब्त किए। आरोपियों के पास से कटर, हेक्सा ब्लेड और रस्सी भी बरामद की गई।

कर्मचारियों की छुट्टी का उठाना चाहते थे फायदा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ज्यादातर कर्मचारियों की छुट्टी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई थी। रात में सुनसान जगह देखकर केबल काटी और उसे शरीर पर बांधकर प्लांट से बाहर निकलने की तैयारी की थी।

BNS की धाराओं में केस दर्ज

बालकोनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और गेट पास कार्ड के दुरुपयोग की भी जांच कर रही है।