बिलासपुर में मोबाइल वापस नहीं मिलने पर 7 युवकों ने 16 साल के छात्र का अपहरण कर लिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में मोबाइल वापस नहीं मिलने पर 7 युवकों ने 16 साल के छात्र का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे बंधक बनाकर रातभर पीटते रहे। पुलिस ने देर रात छापेमारी कर छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, कस्तूरबा नगर में रहने वाला 16 साल का छात्र 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि कोनी के बॉम्बे आवास निवासी शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ उसे ले गया है। इसके बाद छात्र के भाई ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

अपहरण की सूचना पर रात में ही पुलिस ने दी दबिश

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि कस्तूरबा नगर की सिंधी कॉलोनी से 11वीं के छात्र के अपहरण की सूचना मिली थी। इसके बाद रात में ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने संदेही शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू और उसके साथियों के ठिकानों पर दबिश दी।

इस दौरान पता चला कि अज्जू अपने साथियों के साथ सिंधी कॉलोनी के पास घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर अज्जू और उसके साथियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की।

अपहरण कर की मारपीट, मकान से छात्र को किया बरामद

पूछताछ में शेख अजीमुद्दीन ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्र का अपहरण करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कोनी स्थित एक मकान में दबिश देकर छात्र को सुरक्षित बरामद किया।

इस मामले में शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी तालापारा और कोनी क्षेत्र के रहने वाले हैं।

मोबाइल वापस नहीं मिलने पर बनाया बंधक

पुलिस के मुताबिक, मोबाइल वापस नहीं मिलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने किशोर को अपने साथ ले जाकर बंधक बना लिया और रातभर उसके साथ मारपीट की।

इस मामले में सिविल लाइन थाने में BNS की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।