रायगढ़ जिले में लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता का खाना उपलब्ध कराने के लिए खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने 15 दिन का विशेष जांच अभियान शुरू किया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता का खाना उपलब्ध कराने के लिए खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने 15 दिन का विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इस दौरान गुरुवार को तीन ढाबों और फास्ट फूड सेंटर में गड़बड़ी मिलने पर विभाग ने उन्हें सील कर दिया।

NH-49 ढाबा और चंपारण फास्ट फूड को 3-3 दिन, जबकि आमंत्रण ढाबा एंड रेस्टोरेंट को 5 दिन के लिए सील किया गया है। तीनों के खाद्य लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिए गए हैं। जांच में आमंत्रण ढाबा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 10 बोतलें और रोटियां बनाने के लिए एक्सपायरी आटे का इस्तेमाल होता मिला।

तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में मिली गड़बड़ी

विभागीय टीम ने NH-49 स्थित ढाबा, चंपारण फास्ट फूड और आमंत्रण ढाबा एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों जगह खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी खामियां मिलीं। इसके बाद NH-49 ढाबा और चंपारण फास्ट फूड को 3-3 दिन के लिए सील कर दिया गया।

शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक साथ रखा

आमंत्रण ढाबा एंड रेस्टोरेंट की जांच में कई गंभीर लापरवाहियां मिलीं। यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे जा रहे थे। साफ-सफाई की कमी के साथ पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं थी।

वहीं, पेयजल की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इन खामियों के चलते विभाग ने ढाबे को 5 दिन के लिए सील कर दिया।

एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और आटे से बन रही थीं रोटियां

जांच के दौरान आमंत्रण ढाबा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 10 बोतलें मिलीं। ग्राहकों के लिए रोटियां बनाने में इस्तेमाल हो रहा आटा भी एक्सपायरी था। टीम ने दोनों खाद्य सामग्रियों को जब्त कर नियमानुसार नष्ट करा दिया।

15 दिन तक चलेगा विशेष जांच अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है। इससे लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री मिल सकेगी।

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने की हिदायत दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।