छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली बच्चों का नशा करते हुए वीडियो वायरल हुआ है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली बच्चों का नशा करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। मामला पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा का है।

वीडियो में कक्षा 9वीं की 2 लड़कियां शराब पीने के बाद बीड़ी पीती और गाली-गलौज करती नजर आ रही हैं। वहीं, 5 लड़के स्कूल यूनिफॉर्म में गांजा पीते दिख रहे हैं। लड़कियों ने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।

बताया जा रहा है कि सभी बच्चे आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सभी 7 बच्चों को टीसी देने के लिए नोटिस जारी किया है।

वायरल वीडियो में स्कूली बच्चों ने क्या कहा

वायरल वीडियो में एक लड़की ने कहा, ‘हेलो गाइज, हम स्कूल से भागकर आ गए हैं। मेरी साथी ने ज्यादा नशा किया है, मैंने थोड़ा कम नशा किया है। पूरा गांव और स्कूल जानता है कि हम सिगरेट पीते हैं।’

14 नवंबर का बताया जा रहा वीडियो

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 नवंबर का है। इस दिन सभी बच्चे स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे। इसी दौरान 2 छात्राएं शराब पीने के बाद बीड़ी पीती दिखीं। वहीं, दूसरी कक्षाओं के 5 छात्र स्कूल ड्रेस में गांजा पीते नजर आए।

प्रिंसिपल ने पेरेंट्स की बैठक बुलाई

वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने शाला प्रबंधन समिति और बच्चों के पेरेंट्स की बैठक बुलाई। प्रिंसिपल बलभद्र सिंह ने बैठक में पेरेंट्स को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद नशा करते दिखे 2 छात्राओं और 5 छात्रों को टीसी देने का नोटिस जारी किया गया। प्रिंसिपल ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के जरिए दी है।

हालांकि, इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन करने पर भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

पेरेंट्स में नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद पेरेंट्स में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के साथ ही स्कूल के बाहर भी बच्चों पर नजर रखने की जरूरत है।

इससे पहले भी छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर से जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहे हैं