छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के केलो विहार इलाके में किराए के मकान में देह व्यापार चलाने का मामला सामने आया है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ के केलो विहार इलाके में किराए के मकान में देह व्यापार चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार चलाने के आरोप में गोविंद साहू (52) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मकान में एक युवती और कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर का रहने वाला गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लेकर युवतियों से देह व्यापार करा रहा है।

इसके बाद सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में पुलिस की टीम बनाई गई। पुलिस ने योजना बनाकर एक जवान को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। जवान से इशारा मिलते ही पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया और छापेमारी की।

मकान में मिली युवती और आपत्तिजनक सामान

पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां गोविंद साहू मिला। एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला। पूछताछ में युवती ने बताया कि गोविंद उसे पैसे देकर देह व्यापार के लिए लाया था।

पुलिस के अनुसार, गोविंद ने पूछताछ में पैसों की जरूरत के चलते यह काम करने की बात कबूल की। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई सालों से इस काम में शामिल था।

पुलिस ने गोविंद के पास से ग्राहकों से मिले 2 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देह व्यापार, मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण में शामिल लोगों पर पुलिस नजर रख रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।