रागयढ़ के किरोड़ीमलनगर में परिवार के पैतृक गांव जाने पर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 72 हजार के जेवर और 22 हजार रुपए चुरा लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
बिलासपुर जिले के ग्राम पाराघाट निवासी बाबूलाल साहू उर्फ मोहनलाल साहू (61) पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ किरोड़ीमलनगर में रहते हैं। शुक्रवार को देउठनी एकादशी का त्योहार मनाने वे पत्नी और परिवार के साथ घर में ताला लगाकर अपने पैतृक गांव पाराघाट चले गए थे।
अगले दिन उनकी दुकान के किराएदार परसराम जायसवाल ने फोन कर बताया कि मकान के मुख्य गेट की कुंडी टूटी हुई है और दरवाजा खुला पड़ा है। बाबूलाल के कहने पर किराएदार ने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।
अलमारी से जेवर और नकदी गायब
सूचना मिलने पर बाबूलाल घर पहुंचे। जांच करने पर अलमारी में रखे जेवर और नकदी गायब मिले। चोर 3 तोला सोने की अंगूठी, 35 तोला चांदी की पायल, 20 तोला चांदी की ट्रे, 5 तोला चांदी की मूर्ति, 2 तोला चांदी का सिक्का, चांदी की अंगूठी और करीब 4 तोला चांदी की बिछिया ले गए।
इसके अलावा अलमारी में रखे 22 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरों की रसीदें भी चोरी हो गईं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 72 हजार रुपए बताई गई है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद बाबूलाल ने कोतरा रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(a) और 331(4) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।