बेमेतरा जिले के साजा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हथौड़ी से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर गला दबाने की कोशिश भी की। हमले में युवक के सिर के दोनों तरफ चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 21 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे ग्राम मोहतरा के पक्की चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास हुई। गांव का ओमप्रकाश बंजारे (23) किराना दुकान से गुटखा खरीदकर स्कूटी से घर लौट रहा था। इस दौरान उसकी रविन्द्र जोशी से बातचीत हो रही थी।
इसी बीच सतीश बंजारे (26) बाइक से वहां पहुंचा। उसने पुरानी रंजिश को लेकर ओमप्रकाश से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक की डिक्की से हथौड़ी निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया।
पिता ने पकड़ा, बेटे ने दोबारा सिर पर मारी हथौड़ी
आरोप है कि सतीश का पिता लखन दास बंजारे (52) भी मौके पर पहुंच गया और ओमप्रकाश को पकड़ लिया। इसके बाद सतीश ने दोबारा हथौड़ी से उसके सिर पर वार किया। दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जमीन पर गिराकर गला दबाने की कोशिश की।
ओमप्रकाश किसी तरह दोनों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा। उसके सिर के दोनों तरफ चोटें आई थीं। परिजनों ने उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल साजा में भर्ती कराया।
हथौड़ी और बाइक जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर साजा पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 109(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने सतीश बंजारे और उसके पिता लखन दास बंजारे को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे की हथौड़ी, बाइक क्रमांक CG 25 H 9190 और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।