उत्तर छत्तीसगढ़ में अकवान का असर समाप्त होने के बाद ठंड की वापसी हो गई

Chhattisgarh Crimesउत्तर छत्तीसगढ़ में अकवान का असर समाप्त होने के बाद ठंड की वापसी हो गई है। बादलों के छंटने के बाद उत्तरी सर्द हवाएं उत्तर छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने लगी हैं। इसके साथ ही ठंड की वापसी हो गई है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

सरगुजा के पाट क्षेत्रों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। बुधवार सुबह भी सड़कों पर हल्की धुंध दिखी।

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई थी। इससे ठंड से राहत मिली थी। सोमवार से अकवान का असर कम होने से बादल छंटने लगे हैं। मंगलवार को धूप निकली और रात को आसमान साफ रहा। हालांकि छिटपुट बादल अब भी छाए हुए हैं।

मौसम साफ होने के बाद सरगुजा संभाग में उत्तरी छत्तीसगढ़ में सर्द हवाएं फिर से प्रवेश करने लगी हैं। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया है। मैनपाट एवं सामरीपाट मंे न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने का अनुमान जताया है। दिन में धूप के बावजूद रातें ठंडी होंगी। अकवान के असर से पहले अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री तक गिर गया था। मौसम में आद्रता के कारण सुबह कोहरा भी छा सकता है।

पाठ क्षेत्रों में ठिठुराने लगी सर्द हवाएं

सरगुजा के पर्यटन क्षेत्र मैनपाट में सर्द हवाओं के कारण शाम होते ही कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पाट क्षेत्रों में आगामी दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। पाट क्षेत्रों में भी छिटपुट बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद पूरी तरह से मौसम साफ होने का अनुमान है।