रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण रोकने की समझाइश देने पर दो भाइयों ने पटवारी से गाली-गलौज की, डंडे और मुक्कों से पिटाई कर दी।

घटना के बाद घायल पटवारी ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37) राजस्व निरीक्षक मंडल कुडुमकेला के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर-8, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। गुरुनानक जयंती की छुट्टी के दिन वे घर पर थे। इसी दौरान तहसीलदार ने उन्हें ग्राम तिलाईपाली-रायकेरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की सूचना मिलने पर जांच करने के लिए कहा।

शिकायत के मुताबिक, प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी गुप्ता ग्राम नयारामपुर में NTPC द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास सरकारी जमीन पर शेड का निर्माण कर रहा था। तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर पटवारी मौके के लिए रवाना हुए। रास्ते में खगेश्वर गुप्ता मिला, जिसे वे अपने साथ ले गए।

वन और राजस्व विभाग की जमीन पर हो रहा था निर्माण

मौके पर जांच के दौरान पता चला कि संबंधित जमीन का कुछ हिस्सा वन विभाग और कुछ हिस्सा राजस्व विभाग के अंतर्गत आता है। इसलिए पटवारी ने वन विभाग के कर्मचारी सुभाष कुमार कर्ष को भी जांच के लिए बुलाने की कोशिश की। कर्मचारी ने एक-दो दिन बाद आकर जांच करने की बात कही।

इसके बाद पटवारी ने प्यारीलाल गुप्ता को समझाइश दी कि सरकारी जमीन पर निर्माण न करें और जांच पूरी होने तक एक-दो दिन काम रोक दें। आरोप है कि इस बात पर प्यारीलाल गुप्ता नाराज हो गया और पूछने लगा कि किसके आदेश पर वहां पहुंचे हैं।

तहसीलदार से फोन पर बात कराने पर भी विवाद

पटवारी शिवानंद के मुताबिक, उन्होंने बताया कि वे तहसीलदार के निर्देश पर जांच करने आए हैं। इसके बाद उन्होंने फोन पर तहसीलदार से प्यारीलाल गुप्ता की बात भी कराई। आरोप है कि इस दौरान प्यारीलाल ने तहसीलदार से भी अभद्रता की।

लौटते समय पटवारी से मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, तहसीलदार से बातचीत के बाद पटवारी वापस लौट रहे थे। तभी प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद उत्तर कुमार गुप्ता को निर्माण की सूचना देने की बात कही और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने मुक्के और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

पटवारी बीच-बचाव करने पहुंचे तो प्यारीलाल ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज

मारपीट में पटवारी शिवानंद गिरी के गाल, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। इसके बाद उन्होंने घरघोड़ा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने प्यारीलाल गुप्ता और विजय गुप्ता के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 132, 223, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।