रामानुजगंज के ग्राम शिवपुर में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी अपने मामा के घर धान कटाई में मदद करने आई थी। आरोप है कि घर में अकेली देखकर गांव का एक युवक वहां पहुंचा और उसके साथ जबरदस्ती की।
विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला विजयनगर चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, किशोरी झारखंड के गढ़वा जिले की रहने वाली है। वह कुछ दिन पहले अपने मामा के घर ग्राम शिवपुर आई थी। 22 नवंबर को परिवार के अन्य सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान किशोरी घर में अकेली थी।
आरोप है कि शाम करीब 4 बजे गांव का पंच अशोक यादव घर पहुंचा। किशोरी को अकेला देखकर वह घर में घुस गया और उसे पकड़ लिया। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह वहां से भाग निकला।
कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर लौटे तो किशोरी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके मामा कुलदीप सिंह उसे लेकर विजयनगर पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक अश्वनी कुमार कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।