रायपुर के पंडरी इलाके में एक महिला ग्रामीण बैंक में रुपए जमा कराने पहुंची तो उसके पास से 50 रुपए के 25 संदिग्ध नोट मिले। इनकी कुल कीमत 12350 रुपए है। बैंक कर्मचारियों ने UV लैंप से नोटों की जांच की, जिसमें कुछ जरूरी सुरक्षा फीचर नहीं मिले। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने पंडरी थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 12,350 रुपए जमा कराने पहुंची थी महिला
पंडरी पुलिस के मुताबिक, घटना 12 नवंबर की है। जानकी वराठे नाम की महिला बैंक की पंडरी शाखा में अपने खाते में 12,350 रुपए जमा कराने पहुंची थी। उसने बैंक कर्मचारियों को 50 और 100 रुपए के नोट दिए। इसी दौरान कर्मचारियों को 50 रुपए के 25 नोट संदिग्ध लगे। बैंक कर्मचारियों ने नोटों की जांच UV लैंप से की। इस दौरान उनमें कुछ जरूरी सिक्योरिटी फीचर नहीं मिले। इसके बाद बैंक ने इन नोटों को संभावित जाली नोट मानते हुए अलग कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
4 से ज्यादा जाली नोट मिलने पर FIR का प्रावधान
बैंक प्रबंधन ने पुलिस को दिए आवेदन में RBI के दिशा-निर्देशों का हवाला दिया है। इसके मुताबिक, एक ही ट्रांजेक्शन में 4 से ज्यादा जाली नोट मिलने पर पुलिस में FIR दर्ज कराना जरूरी है। महिला के पास से 25 संदिग्ध नोट मिलने के बाद बैंक ने शिकायत की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोट वास्तव में नकली हैं या नहीं। साथ ही जांच की जाएगी कि ये नोट महिला तक कहां से पहुंचे और इन्हें कहां से हासिल किया गया था। फिलहाल नोटों के नकली होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।