कंधमाल में गांजा के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 6,839 एकड़ अवैध खेती नष्ट, 186 एफआईआर दर्ज

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। उड़ीसा के कंधमाल जिले में अवैध गांजा की खेती के खिलाफ पुलिस द्वारा नीला जहर मुक्त कंधमाल अभियान के तहत लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक हजारों एकड़ में फैली अवैध गांजा की फसल नष्ट की जा चुकी है।

कंधमाल पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 तक जिले में 5,873 एकड़ अवैध गांजा की खेती नष्ट की गई थी। वहीं, 170 एफआईआर दर्ज करने के साथ 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 25 नवंबर 2026 तक कार्रवाई का दायरा बढ़ते हुए कुल 6,839 एकड़ अवैध गांजा की खेती नष्ट कर दी गई। इस दौरान कुल 186 एफआईआर दर्ज की गईं, 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 80 टन गांजा जब्त किया गया। इसके अलावा गांजा परिवहन में शामिल 45 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

इसी अभियान के तहत 25 नवंबर को सदर थाना क्षेत्र के जमुझारी ग्राम पंचायत अंतर्गत कातितारा और सिपाजारी गांवों में विशेष कार्रवाई की गई। सदर एसडीपीओ शुभ्रजीत बिस्वाल (OPS) के नेतृत्व में तथा पुलिस अधीक्षक रामेंद्र प्रसाद (IPS) के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में पुलिस, वन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया।

पुलिस द्वारा अवैध गांजा की खेती को नष्ट करने की कार्रवाई कार्यपालिक दंडाधिकारियों तथा आबकारी, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है। अभियान की निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है।

कंधमाल पुलिस ने वर्ष 2029 तक जिले को गांजा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त ओडिशा अभियान और मिशन जीरो कैनाबिस कल्टीवेशन के तहत अवैध गांजा की खेती एवं उसके कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।