मौसम का बदला मिजाज, राजधानी रायपुर में आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार शाम से लेकर देर रात तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान शहर में आंधी तूफान ने जमकर उत्पात मचाया। शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं लोगों को बढ़ती उमस से राहत भी मिली है। सुबह बारिश होने के बाद धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई थी। मौसम विभाग ने 15 मई तक परई मानसून की चेतावनी जारी की है। दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंरचण से परई मानसून की स्थिति बनी है। यह पश्चिम बंगाल होते हुए सिक्किम की तरफ जा रहा है इसलिए मौसम में बदलाव आया है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर 2.1 किलोमीटर ऊंचाई तक की स्थित है। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका/हवा की अनियमित गति दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश से तटीय कर्नाटक तक मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश से उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक पूर्वी मध्यप्रदेश, झारखंड और दक्षिण बिहार होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से प्रचूर मात्रा में नमी आ रही है।