
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन भाजपा सरकारों वाले 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे। बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) में उत्तर प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा और उत्तराखंड के CM के अलावा बिहार और नागालैंड के डिप्टी CM भी इस बैठक में शामिल होंगे।
इसके बाद PM मोदी चौबेपुर के उमरहां में स्वर्वेद महामंदिर धाम के 98वें वार्षिकोत्सव में शामिल होंगे। यहां मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मोदी की मीटिंग का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात हो सकती है।
सोमवार रात को 5 घंटे तक मंथन किया
प्रधानमंत्री ने सोमवार को गंगा आरती देखने के बाद लगभग 5 घंटे तक स्वामी विवेकानंद क्रूज पर मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ मंथन किया। इस बैठक में भाजपा शासित राज्यों में डेवलपमेंट की स्थिति को लेकर चर्चा की गई, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं। माना यह भी जा रहा है कि इसमें अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई है।
उत्तराखंड-कर्नाटक के सीएम पहुंचे बाबाधाम
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी और कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई ने मंगलवार की सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पुष्कर सिंह धामी ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, चाहे वह राष्ट्र का विकास हो या धार्मिक स्थलों का विकास हो या सीमा की सुरक्षा हो या फिर देश की अर्थव्यवस्था का सुदृढ़ीकरण हो।
वहीं, कर्नाटक के CM ने कहा, ‘कॉरिडोर अद्भुत बना है। दक्षिण भारत से बहुत सारे लोग पहले भी काशी आते थे, अब उनकी संख्या में और बढ़ोतरी होगी। काशी विश्वनाथ पर विश्वास रखने वालों को ऐतिहासिक दिन प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा’।