नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान दल तैयार, टीम को सौंपे गए बैलेट पेपर और अमिट स्याही

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान दल तैयार हो गए हैं। रायपुर जिले में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण कर दिया गया। इसमें बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स, अमिट स्याही, मतदाता सूची और दूसरी स्टेशनरी शामिल हैं। मतदान दल और सुरक्षाकर्मी रविवार को ही अपने बूथों पर पहुंच जाएंगे। सोमवार 20 दिसम्बर को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो जाना है।

बीरगांव नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को वहां के आडवाणी आरलीकान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। रिटर्निंग अफसर बीबी पंचभाई ने बताया, बीरगांव नगर निगम के 40 वार्डों के लिए 20 दिसंबर को मतदान होना है। इस चुनाव में कुल 186 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें से कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने सभी 40 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं।

दूसरे राजनीतिक दलों के भी 20 उम्मीदवार मैदान में है। वहीं 46 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। रिटर्निंग अफसर ने बताया, बीरगांव में कुल 95 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होना है। बीरगांव में मतदाताओं की संख्या 80 हजार 441 है। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या 36 हजार 799 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 43 हजार 627 है। बीरगांव में 15 मतदाता थर्ड अथवा अन्य जेंडर के भी हैं।