रायपुर जेल के बाहर लग गई बदमाशों की लाइन, दो दिन में पकड़े गए 236 अपराधी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर पुलिस के एक्शन की वजह से बुधवार रात सेंट्रल जेल के बाहर लाइन लगी नजर आई। ये लाइन उन अपराधियों की थी, जिन्हें दिन भर पुलिस की टीम ने ढूंढ-ढूंढकर पकड़ा। इनमें से कई चाकूबाजी, गांजा बेचने, चोरी, मारपीट और शराब बेचने जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। बीते दो दिनों में इसी तरह से पुलिस ने कुल 236 बदमाशों को पकड़ा है।

रायपुर के SSP समेत, 500 अफसरों और कर्मचारियों की टीम हर दिन शहर की बस्ती और संवेदनशील मोहल्लों में घुस रही है। अड्‌डेबाजी करने वाले बदमाशों को इस दौरान पकड़ा जा रहा है। पुराने अपराधियों की तलाशी में चाकू भी पुलिस को मिले हैं कुछ के पास से नशीले टैबलेट भी। सभी को पकड़कर जेल भेजा गया। बुधवार की रात जेल कैंपस के सामने इसी कार्रवाई में पकड़े गए बदमाशों की लाइन लग गई, एक एक कर सभी अंदर भेजा गया।

रायपुर में पिछले कुछ वक्त से चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं। 14 फरवरी को तो शादी के रिसेप्शन में घुसकर तीन भाइयों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद रायपुर SSP प्रशांत हर थाने की टीम एक्टिव कर काम पर लगा चुके हैं, अब शहर में दौड़ा-दौड़ाकर बदमाशों को पुलिस पकड़कर प्रतिबंधित धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेज रही है।