
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अनिल बैजल का इस्तीफा स्वीकार करते हुए विनय कुमार सक्सेना (Vinai Kumar Saxena) को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया है। पिछले दिनों निजी कारणों का हवाला देते हुए अनिल बैजल ने दिल्ली के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक विनय कुमार सक्सेना उस दिन से दिल्ली के उप-राज्यपाल होंगे जिस दिन से वो पदभार संभालेंगे। विनय कुमार सक्सेना फिलहाल खादी एंड विलेज इंडस्ट्रीज कमीशन (केवीआईसी) के चेयरमैन हैं।
गौरतलब है कि 18 मई को दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने अचानक ही अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। दिल्ली के उप-राज्यपाल पद से इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा था कि वो निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। 1969 बैच के आईएएस अधिकारी रहे अनिल बैजल को साल 2016 में नजीब जंग की जगह दिल्ली के 21वें उपराज्यपाल के तौर पर नियुक्ति मिली थी।
देखना दिलचस्प होगा कि नए उप-राज्यपाल के साथ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के रिश्ते कैसे रहते हैं? अनिल बैजल और अरविंद केजरीवाल के बीच खटपट की खबरें अक्सर चर्चा में रहती है। हाल ही में दिल्ली सरकार की डोर स्टेप डिलिवरी स्कीम को एलजी ने रोक दिया था जिसके बाद एक बार फिर सीएम और एलजी के बीच टकराव खुलकर सामने आ गई थी।