पेट्रोल-डीजल के संकट पर सीएम भूपेश बघेल ने खड़े किए सवाल

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 10 दिनों से चल रही पेट्रोल-डीजल की राशनिंग बड़े संकट में बदलती दिख रही है। ऑयल कंपनियां अलग-अलग बहानों से तेल की आपूर्ति रोक रहीं हैं। हालात ऐसे हैं कि डीलरों की ओर से अग्रिम भुगतान के बाद भी तेल की खेप नहीं पहुंच रही है। इन सबके बीच प्रशासन अब तक लगभग लाचार है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से पूछा है कि क्या हम श्रीलंका जैसे हालात की ओर बढ़ रहे हैं? मुख्यमंत्री ने कहा, पूरे देश में आपूर्ति घटाई जा रही है। क्या हम लोग श्रीलंका की जो स्थिति है उस दिशा में जा रहे हैं। वहां सबसे पहले पेट्रोल-डीजल मिलना ही बंद हुआ था। केंद्र सरकार को यह मामला स्पष्ट करना चाहिए। क्यों ऐसा हो रहा है कि पेट्रोल डीजल में 30-30, 40-40 प्रतिशत कटौती की जा रही है।

इससे ट्रांसपोर्टिंग प्रभावित होगा। महंगाई बढ़ेगी। अभी खेती-किसानी का सीजन आ गया है। डीजल नहीं मिलेगा तो खेती भी प्रभावित होगी। हमारे यहां धान, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी बोने का सीजन आया है। ऐसे समय में डीजल नहीं होगा तो संकट में हम लोग फंस सकते हैं।