रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहा भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम रविवार को खत्म हुआ। सभी नेताओं ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुना। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस को हर मोर्चे पर घेरने के संकल्प के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि ये कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को नए सिरे से एक्टिव करेगा।
साय ने बताया कि यहां जनता के मुद्दों को उठाने, सोशल मीडिया के इस्तेमाल, जनता के बीच आंदोलनों जैसे 15 टॉपिक्स पर दिल्ली से आए एक्सपर्ट नेताओं ने बात-चीत की। हमलोग सरकार को सेवा का माध्यम मानते हैं। इस कार्यक्रम में हमारे प्रदेश के नेता कार्यकर्ता, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ, जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए। अब हम 2023 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने में सफल होंगे।
बोलने में करें बुद्धि का इस्तेमाल
इस प्रशिक्षण शिविर में मुख्य वक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने नेताओं को बताया कि किसी विषय पर या सवाल के जवाब में बोलने के लिए बुद्धि की आवश्यकता होती हैं और चुप रहने के लिए विवेक की। कब बोलना हैं कितना बोलना हैं और कब नहीं बोलना हैं यह मायने रखता है। उन्होंने कहा कि विरोधी के सामने विरोध में पक्ष रखते समय भी सकारात्मक बातों को याद दिलाना महत्वपूर्ण होता है।
इस प्रशिक्षण में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी श्रीमती डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकारों के साथ हमेशा खड़ी रही है। उन्होंने किसानों के मामले में केंद्र की योजनाएं छत्तीसगढ़ के लोगों तक पहुंचाने की बात पर जोर दिया।
तीन दिनों तक रायपुर एयरपोर्ट के सामने बने जैन मानस भवन में हुए इस प्रशिक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन के कार्यपद्धती के संबंध में चर्चा की। अंतर्राष्ट्रीय विश्व हिन्दू परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक कुमार ने प्रशिक्षण शिविर में एकात्म मानवतावाद के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने सोशल मीडिया के उपयोग के बारे में बताया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने हमारा विचार परिवार के विषय पर चर्चा की।