टोक्यो से लौटी ओलिंपिक टीम का जोरदार स्वागत, गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ी भीड़

Chhattisgarh Crimes

दिल्ली। टोक्यो ओलिंपिक के सूरमा नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, बजरंग पूनिया, लवलिना बोरगोहेन और पुरुष हॉकी प्लेयर्स देश लौट चुके हैं। एयरपोर्ट पर सभी एथलीट्स का जोरदार स्वागत किया गया। ओलिंपिक के चैंपियंस का स्वागत बैंड-बाजे के साथ किया गया। गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के साथ सेल्फी लेने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। उनके अलावा लवलिना बोरगोहेन, बजरंग पूनिया, रवि दहिया और दीपक पूनिया भी दिल्ली पहुंचे। पुरुष और महिला हॉकी टीम का भी बैंड-बाजे के साथ स्वागत हुआ।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ओलिंपिक स्टार्स का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे। मीडिया भी टकटकी लगाकर पदकवीरों का इंतजार कर रहा था। ढोल-नगाड़ों और भारत माता की जय के नारे लगाए जा रहे थे।

इसी बीच जब चैंपियन्स की फ्लाइट लैंड होने की खबर मिली, तो लोगों को अपना इंतजार पूरा होता नजर आया। हालांकि, सिक्योरिटी फोर्सेस ने सभी खिलाड़ियों को रेगुलर अराइवल की जगह VIP गेट से बाहर निकाला गया। इसके चलते, चैंपियन्स के फैन और मीडिया थोड़े मायूस भी नजर आए।

नीरज की मां सरोज देवी बेटे को देखने के लिए बेताब थीं। जैसे ही नीरज पहुंचे उनकी मां ने गले से लगा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट पर बेटे का स्वागत मनपसंद चूरमा खिलाकर किया। नीरज की बहन संगीता का कहना है कि उनके भाई ने खूब मेहनत की है। नीरज के पिता भी बेहद खुश नजर आए।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ओलिंपिक से लौटे सभी खिलाड़ियों का RT-PCR और रैपिड एंटीजन किया गया। इसके बाद सभी खिलाड़ी अशोका होटल के लिए रवाना हो गए। अशोका में ओलिंपिक टीम का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इंडियन ओलिंपिक एसोशिएसन से लेकर खेल मंत्रालय तक के अफसर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए तैनात हैं। यहीं खिलाड़ियों के लिए खाने पीने का इंतजाम भी किया गया है।

टोक्यो ओलिंपिक में इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने 7 मेडल जीते, जो अब तक के सबसे ज्यादा मेडल हैं। इससे पहले 2012 लंदन ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने 6 मेडल जीते थे। पहली बार ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में नीरज चोपड़ा ने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है।

Exit mobile version