AAP सांसद रिंकू ने भाजपा जॉइन की; पार्टी के एकमात्र लोकसभा सदस्य थे

Chhattisgarh Crimes

जालंधर। पंजाब के जालंधर से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद सुशील रिंकू ने भाजपा जॉइन कर ली है। वे पार्टी के एकमात्र लोकसभा सदस्य थे। उनके साथ जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल ने भी भाजपा जॉइन की है। शीतल अंगुराल ने बुधवार (27 मार्च) की दोपहर 3:40 मिनट पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। अंगुराल ने इस पोस्ट में लिखा- मैं आम आदमी पार्टी में अपनी सारी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रहा हूं और बीजेपी जॉइन कर रहा हूं।

पार्टी जॉइन करवाने के बाद पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा- लुधियाना के बाद जालंधर पंजाब का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल हब है। रिंकू को आप ने बड़े-बड़े वादे कर अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। मगर उन्हें पार्टी जॉइन करने के बाद पता चल गया कि ‘खोदा पड़ा निकली चुहिया’।

सुनील जाखड़ ने कहा- देर सही, सवेर सही। सही रास्ता तो चुना गया। सांसद रिंकू के साथ हमारे दिल मिलते हैं। इसलिए अब जालंधर का विकास अच्छे से होगा।

रिंकू बोले- बीजेपी के मंत्रियों ने मेरी बात सुनी और काम करवाए

इसके बाद सुशील कुमार रिंकू ने कहा- मैंने जालंधर में रहते हुए आप के साथ दो साल काम किया। हर मुद्दे को हल करने की कोशिश की गई। मगर आप सरकार ने मुझे ऐसा नहीं करने दिया। मैं काफी निराश हुआ। इसी क्रम में जब मैंने बीजेपी के मंत्रियों से मदद मांगी तो उन्होंने मेरी बात सुनी और शहर के काम भी करवाए।

फिर चाहे वो आदमपुर एयरपोर्ट काम हो या फिर जालंधर में बने रेलवे फाटकों का हो। सभी का काम मैंने केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर करवाया है। बीते दिन जालंधर में वंदे भारत का स्टॉप नहीं रखा गया, इसे लेकर आप सरकार से बातचीत की गई तो उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद वह खुद रेल मंत्री से मिलने पहुंचे और अगले ही दिन जालंधर में वंदे भारत का स्टॉप रख दिया गया।

केंद्र की इन्हीं नीतियों को देखते हुए मैंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा- जालंधर को बेहतर बनाने के लिए हम हर संभव कार्य करेंगे।

Exit mobile version