नक्सली जग्गू गोटा की बहन की हत्या का आरोपी गिरफ्तार; 2 साल से था फरार

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। खूंखार और हार्डकोर नक्सली जग्गू गोटा की बहन की हत्या करके फरार हुए उसके पति को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ आरोपी की तलाश नक्सली भी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी को मुर्गाबाजार से पकड़ा। बताया जा रहा है कि चरित्र पर संदेह के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी थी। खास बात यह है कि पुलिस उसे दो साल से तलाश कर रही थी, और वह कलेक्ट्रेट की कैंटीन में ही झाड़ू-पोछा लगाने का काम कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव जिले के इरागांव, ग्राम कानागांव निवासी अमरू गावड़े (30) ने कांकेर आमाबेड़ा के ग्राम हलाईनार की युवती सुगोंती गोटा से शादी की थी। शादी के बाद अमरू अपने ससुराल में ही घर जमाई बनकर रहने लगा था। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसको अपनी पत्नी के चरित्र पर शक हुआ। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था, लेकिन नक्सली जग्गू गोंटा की बहन होने के चलते वह दबाव में रहता था।

आरोप है कि करीब 2 साल पहले 18 फरवरी की रात पत्नी सुगोंती की हत्या करके वह भाग निकला। सुबह जब सुगोंती नहीं दिखाई दी तो पड़ोस में ही रहने वाले परिजन उसके घर पहुंचे। अंदर उसका शव पड़ा था और उसके सिर और नाक पर चोट के निशान थे। इस पर जग्गू के भाई रजमन कोटा में आमाबेड़ा थाने में FIR दर्ज कराई। करीब डेढ़ माह बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने अमरू की तलाश शुरू की।

पुलिस और नक्सलियों के डर के चलते अमरू ने कांकेर छोड़ दिया। वह भाग कर धमतरी चला गया। वहां होटल और राईस मिल में काम करता रहा। इसके बाद करप और फिर कांकेर आकर कलेक्ट्रेट की कैंटीन में झाड़ू-पोछा करना शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस उसकी तलाश करती रही, लेकिन वह नाक के नीचे ही मौजूद रहा। जब वह तोड़ासी के मुर्गा बाजार पहुंचा तो पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद उसे घेराबंदी करके पकड़ लिया गया।