एक्ट्रेस सुमोना चक्रवर्ती को भाया छत्तीसगढ़, बोलीं- मौका मिला तो छॉलीवुड में जरूर काम करूंगी

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। द कपिल शर्मा शो में ‘भूरी’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती को पहली नजर में ही छत्तीसगढ़ भा गया। रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही वॉटरफॉल और हरियाली देखकर वो गदगद हो गईं। यहां की सड़कों की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्म में काम करने का मौका मिला तो वो जरूर करेंगी। सुमोना बिलासपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

दरअसल, सुमोना बिलासपुर में एक निजी कार्यक्रम में आईं हैं। सुमोना चक्रवर्ती ने अपने स्ट्रगल और थिएटर पर चल रही रस्साकशी को लेकर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सिनेमा में उनके किरदार का स्क्रिप्ट लिखा रहता है। जिसे उन्हें रियल अंदाज में पेश करना होता है। स्क्रीन पर जो भी दिखाते हैं, वो सब लोगों को हंसाने और मनोरंजन के लिए होता है। उसे सीरियसली नहीं लेना चाहिए।

‘लोगों को हंसाना और मनोरंजन करना मुश्किल’

बॉलीवुड के साथ ही टीवी धारावाहिकों पर चर्चा करते हुए सुमोना ने कहा कि उन्हें जो रोल करना होता है, उसका स्क्रिप्ट दिया जाता है। लेकिन किसी भी एक्टर या को-एक्टर के लिए लोगों को हंसाना और मनोरंजन करना बेहद मुश्किल होता है। कई बार खुद की बेइज्जती कराकर लोगों को हंसाना पड़ता है।

‘रील लाइफ को रियल लाइफ में नहीं लाना चाहिए’

उनका इशारा द कपिल शर्मा शो में होठों को लेकर उनकी हंसी उड़ाने को लेकर था। उन्होंने कहा कि इस तरह के सीन स्क्रीन पर दिखते हैं, इसे रियल लाइफ में सामने नहीं लाना चाहिए। सुमोना ने कहा कि उन्हें बुरा भी नहीं लगता, क्योंकि यो उनके कार्यक्रम का एक पात्र होता है।

‘स्क्रिप्ट के मुताबिक चलते हैं शो’

उन्होंने कहा कि शो के अंदर दिखाए जाने वाले सभी डायलॉग, हर एक्टिविटी स्क्रिप्ट के मुताबिक चलती है। इसलिए उन्हें पता रहता है कि कपिल उन्हें क्या कहेंगे और उसके बदले उन्हें क्या जवाब देना है।

यहां तक का सफर संघर्ष से भरा है’

लखनऊ की रहने वाली सुमोना चक्रवर्ती बॉलीवुड में एंट्री के लिए मुंबई गई थीं। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड की चकाचौंध और फिल्मी सितारों की आलीशान जिंदगी को देखकर लोगों में भी एक्टर बनने की ललक बढ़ जाती है। यही वजह है कि देश के कोने-कोने से लोग मुंबई का रुख करते हैं। यहां तक का सफर आसान नहीं था। लंबे समय तक स्ट्रगल करने के बाद उन्होंने टीवी धारावाहिकों समेत कुछ फिल्मों में भी काम किया। हालांकि सुमोना को सबसे ज्यादा प्रसिद्धी मिली द कपिल शर्मा शो से। उनकी यही पहचान उन्हें सबसे अलग बनाती है। उनका कहना है कि आज मैं यहां बैठी हूं, ये सबके प्यार की वजह से है।

‘छत्तीसगढ़ी फिल्म में मौका मिला तो जरूर काम करूंगी’

उन्होंने कहा कि मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आई हूं, मूलत: मैं बंगाली हूं, पर कोलकाता नहीं, बल्कि लखनऊ की हूं। पिछली बार मैंने पश्चिम बंगाल का ट्रेवल शो किया। छत्तीसगढ़ में ऐसा हो तो मजा आएगा। छत्तीसगढ़ी फिल्म में मौका मिला तो जरूर काम करूंगी।

Exit mobile version