निगम मंडलों में नियुक्तियां शुरू, विधयाक गोमती साय, लता उसेंडी, ललित चंद्राकर, गुरू खुशवंत साहेब, प्रणव कुमार को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय को बनाया है। वहीं अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब बनाए गए हैं। लता उसेंडी को बस्तर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इसे लेकर आदेश जारी किया गया है।

इसके अलावा मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची को मध्य क्षेत्र का उपाध्यक्ष, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। माना जा रहा है कि अन्य नियुक्तियों को लेकर भी आदेश शुक्रवार शाम तक जारी हो सकते हैं।

गोमती और खुशवंत को क्यों मिली जिम्मेदारी ?

अमूमन क्षेत्र और वर्गों के विकास प्राधिकरण में विधायकों को जगह मिलती है। जातिगत समीकरणों में गोमती और खुशवंत के फिट बैठने का दोनों को ही फायदा मिला। BJP से पत्थलगांव की विधायक गोमती साय 45 साल की हैं।

कौन हैं गोमती साय ?

गोमती ने 12वीं तक पढ़ाई की है। पिछली बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। सरगुजा संभाग की बीजेपी की मजबूत महिला नेता हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष बनकर राजनीतिक करियर शुरू किया था। आदिवासी कंवर समाज में अच्छी पकड़ रखती हैं।

लता उसेंडी को प्राधिकरण की कुर्सी से करना पड़ेगा संतोष

BJP की पिछली सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकीं लता उसेंडी को मंत्री बनाए जाने की चर्चा रही, लेकिन उसेंडी को प्राधिकरण में मिली कुर्सी से ही संतोष करना होगा। जब प्रदेश में सरकार नहीं थी, तब भी उसेंडी संगठन में बड़े पदों पर रही हैं।

हाल ही में ओडिशा में प्रभार मिल चुका है। बस्तर में भाजपा की महिला नेता के तौर पर इकलौता चेहरा हैं। इस वजह से बस्तर क्षेत्र आदिवासी प्राधिकरण में इन्हें जिम्मेदारी दी गई है।

जानिए कौन हैं खुशवंत साहेब ?

35 साल के खुशवंत साहेब ग्रेजुएट हैं। सतनामी समाज के धर्मगुरु बाल दास के बेटे हैं । विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा ज्वाइन की थी। आरंग क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व मंत्री को चुनाव हराने में कामयाब रहे। सतनामी समाज में भारतीय जनता पार्टी अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है, इसका फायदा खुशवंत को मिला है।

कौन हैं ललित चंद्राकर ?

दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर ने बीकॉम तक की। इसके बाद राजनीति में सक्रिय हो गए। सन 2000 में दुर्ग के युवा मोर्चा के महामंत्री थे। युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य भी रह चुके हैं। दुर्ग ग्रामीण इलाके में सक्रिय भाजपा नेता के तौर पर जाने जाते हैं। कुर्मी समाज से आते हैं। चुनावी अभियान में संगठन में कई तरह की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

कौन हैं प्रणव कुमार मरपच्ची ?

प्रणव कुमार मरपच्ची मरवाही से विधायक हैं। मरपच्ची गोंड जाति से ताल्लुक रखते हैं। फौज में सेवाएं दे चुके हैं। 2014 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी। इन्हें अनुसूचित जाति मंडल का उपाध्यक्ष ने बनाया गया था। अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा में भी काम करने का अनुभव रखते हैं।

Exit mobile version