अयोध्या के प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला होंगे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नये कुलपति

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति अनुसुईया उइके ने विदाई आदेश के ठीक बाद पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में नये कुलपति की नियुक्ति कर दी। राज्यपाल ने अयोध्या के प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला को नया कुलपति बनाया है। प्रो. शुक्ला अभी अयोध्या की राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में फिजिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में काम कर रहे हैं। इस नियुक्ति के साथ कांग्रेस की ओर से उठी स्थानीय कुलपति की मांग धरी की धरी रह गई है।

रायपुर के प्रतिष्ठित पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केशरी लाल वर्मा का कार्यकाल एक अप्रैल 2023 को पूरा हो रहा है। इससे पहले ही राजभवन में नये कुलपति की तलाश तेज कर दी थी। फरवरी के दूसरे सप्ताह में चयन समिति की एक बैठक राजभवन में हुई थी। इसी बीच राज्यपाल को यहां से हटाकर मणिपुर का राज्यपाल बनाने का आदेश जारी हो गया। इसकी वजह से लग रहा था कि कुलपति की नियुक्ति की शेष प्रक्रिया नये कुलाधिपति करेंगे।

राज्यपाल मंगलवार को छत्तीसगढ़ से विदा लेकर मणिपुर पहुंच गईं। उसके बाद राजभवन ने नये कुलपति की नियुक्ति का आदेश सार्वजनिक किया है। इस आदेश के मुताबिक, राज्यपाल ने इस पर 14 फरवरी को हस्ताक्षर किये हैं। राज्यपाल के मणिपुर भेजे जाने का आदेश 12 फरवरी को आ गया था। नये कुलपति की यह नियुक्ति प्रो. वर्मा का कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रभावी होगा।

स्थानीय कुलपति के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र लिखा था

कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही राज्यपाल को एक पत्र लिखा था। उन्होंने इसमें रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के लिए स्थानीय कुलपति की मांग की थी। उनका कहना था, छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिभावान प्राध्यापक उपलब्ध हैं, जो प्रदेश में और प्रदेश के बाहर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यहां के विद्वान प्राध्यापकों के शोध एवं प्राेजेक्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य किये गये हैं। स्थानीय प्राध्यापक, छत्तीसगढ़ के भौगोलिक, सामाजिक, शैक्षणिक और विद्यार्थियों की प्रतिभा से भी भलीभांति परिचित हैं।

Exit mobile version