बोली- 48 घंटे में घर नहीं मिला तो देह त्याग दूंगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम झलमला के रहने वाले तहसीलदार राहुल गुप्ता की पत्नी रेणु गुप्ता अब भूख हड़ताल पर बैठ गई हैं। रेणु ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर उन्हें उनके ससुराल में पति के साथ नहीं रखा गया तो वह अपना देह त्याग देंगी।

उन्होंने चेतावनी दी है कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी उनके सास-ससुर और शासन-प्रशासन की होगी। बता दें कि वह पिछले 5 दिनों से ससुराल के बाहर बैठी हैं। 20 जून को उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह अब भोजन और पानी दोनों का त्याग कर रही हैं। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि अगर घर में जगह नहीं मिली, तो अपना जीवन समाप्त कर लूंगी।

रेणु का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और अब घर में घुसने तक नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कई बार ससुराल में रहने की कोशिश की। लेकिन हर बार सास-ससुर ने उन्हें बाहर कर दिया।

शादी के 50 दिन बाद अनबन शुरू

दरअसल, अंबिकापुर की रहने वाली रेणु गुप्ता और बालोद के झलमला निवासी राहुल गुप्ता की शादी नवंबर 2022 में हुई थी। यह शादी सरगुजा जिले के सीतापुर में रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के महज 50 दिन बाद ही बहू और ससुरालवालों में अनबन शुरू हो गई।

बड़ी बहू रेणु गुप्ता ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने उसे महज 50 दिन के भीतर ही घर से बाहर निकाल दिया। बुरे व्यवहार के कारण मायके में रहना पड़ा। कई बार वह ससुराल लौटी, लेकिन हर बार उसे घर से निकाल दिया गया।

कानून के दायरे में रहकर होगा समझौता – ससुराल पक्ष

फिलहाल राहुल गुप्ता दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ हैं। प्रशासन ने पहले भी इस मामले में संज्ञान लिया था और बालोद एसडीएम सहित तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। लेकिन स्थिति का समाधान नहीं हो पाया।

अब भूख हड़ताल की घोषणा के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। वहीं इस मामले पर ससुराल पक्ष का कहना है कि सुलह समझौता कानून के दायरे में रहकर किया जाएगा।

Exit mobile version