
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के दायित्व के लिए शपथ लेने से पहले सीएम विष्णुदेव साय ने अपने घर में स्थित पूजा घर में देवी-देवताओं के दर्शन किए और पूजा में हिस्सा लिया. साथ ही उन्होंने अपनी मां जसमनी देवी का आशीर्वाद भी लिया.
मुख्यमंत्री साय ने आज शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने से पहले परिजनों के साथ अपने रायपुर स्थित निवास में पूजा में हिस्सा लिया. उनके साथ पूजा में उनकी पत्नी कौशल्या देवी भी शामिल हुईं. मुख्यमंत्री ने नवग्रह पूजा के साथ ही अनुष्ठान भी किया. इसके बाद स्वस्तिवाचन हुआ.
पूजा के बाद विधिविधान से हवन किया गया. सीएम साय ने इस दौरान छत्तीसगढ़ के लोगों के सुखसमृद्धि की कामना की. बता दें कि, मुख्यमंत्री ने इससे पहले जगन्नाथ मंदिर में भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने अपनी मां का आशीर्वाद भी लिया. मां ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए गले लगा लिया. साथ ही वे परिवार के अन्य सदस्यों से भी मिले.