छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार को नशे में एक पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार को नशे में एक पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक समझाइश के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। हालांकि, उसके टॉवर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना करतला थाना क्षेत्र की है। बता दें कि बेमेतरा के नांदघाट थाना क्षेत्र में 7 दिन पहले पत्नी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो नाराज पति 125 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। बिलासपुर और कोंडागांव से ऐसे मामले आ चुके हैं। शराब के नशे में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा

युवक का नाम देव सिंह राठिया है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवक शराब के नशे में था। दोपहर में वह अचानक गांव के पास लगे करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपर पहुंच गया।

पत्नी और बच्चे नीचे से लगाते रहे आवाज

युवक को टॉवर पर चढ़ता देख उसकी पत्नी, बच्चे और गांव के लोग नीचे से उसे उतरने के लिए समझाते रहे। वे लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी टॉवर के ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर ऊपर चढ़ जाता। उससे ऊपर चढ़ने का कारण पूछा गया, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया और टॉवर पर ही बैठा रहा।

पुलिस और तहसीलदार ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट होने के कारण युवक की जान को खतरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने बेहद सावधानी से उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया।

6 घंटे बाद नीचे उतरने को राजी हुआ

करीब 6 घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। जैसे ही वह सुरक्षित नीचे उतरा, वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

नशे में था युवक, वजह की पूछताछ जारी

करतला थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया। इसके बाद वह नीचे उतरने को राजी हुआ। युवक शराब के नशे में था। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने टॉवर पर चढ़ने का कदम क्यों उठाया।

Exit mobile version