शिवरीनाराण में भगवान राम, लक्ष्मण और माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत लगभग 36 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों के मॉडल का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने मेला मैदान में भगवान राम, लक्ष्मण और माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद पी एल पुनिया, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजे महंत रामसुन्दर दास, विधायक मोहन मरकाम, चंदन यादव, संसदीय सचिव चन्द्रदेव राय उपस्थित थे। राम वनगमन पर्यटन परिपथ के महत्वपूर्ण पड़ाव और महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के संगम पर स्थित शिवरीनारायण में रामायण की थीम के अनुरूप विभिन्न विकास कार्य आकार ले रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से महानदी मोड़ पर 44 फीट ऊंचा विशाल प्रवेश द्वार और इसके समीप 32 फीट ऊंची भगवान राम सहित लक्ष्मण और माता शबरी की मूर्ति का निर्माण किया जायेगा।शिवरीनारायण में माता शबरी की भक्ति एवं वात्सल्य के प्रतीक जूठे बेर खिलाने के प्रसंग को उद्धरित करते हुए नदीतट घाट एरिया का सुंदरीकरण के अंतर्गत 14 व्यू पॉइंट का निर्माण, आरती पूजन जन सुविधा के रूप में, फूड प्लाजा, मेला ग्राउंड के पास कैफेटेरिया, पर्यटन सूचना केंद्र, पार्किंग एरिया का निर्माण, थ्री डी मॉडल, वाक थू्र के प्रस्तावित प्रारूप का अवलोकन किया।