भारत में और खतरनाक हो रहा कोरोना, अगस्त के 8 दिन में ही मिले कोविड-19 केसों ने तोड़ दिए दुनिया के सारे रिकॉर्ड

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। भारत अगस्त में दुनिया के सबसे बड़े कोविड-19 हॉटस्पॉट के रूप में उभर रहा है। भारत ने इस महीने में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए हैं जो अमेरिका के मुकाबले कुछ और ब्राजील के मुकाबले बहुत अधिक हैं। अगस्त के शुरूआती दिनों में कोरोना से होने वाली मौतों के आँकड़ों में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर आ गया। राज्य सरकारों के मिले आंकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस का कहर अब भी देश पर बना हुआ है। शुक्रवार को कोरोना के 60 हजार ताजा मामले सामने आए और 926 लोगों की कोरोना वायरस से मौत ही गई। एक दिन में महामारी से होने वाला ये अब तक का सबसे ज्यादा नुकसान है।

भारत में अगस्त के पहले छह दिनों में 3,28,903 नए कोरोनावायरस मामलों की सूचना मिली। अमेरिका में यही आंकड़ा 3,26,111 और ब्राजील में 2,51,264 था। भारत में अगस्त के चार दिनों में आए मामले दुनिया में सबसे ज्यादा दर्ज किए गए। 2, 3, 5 और 6 अगस्त को भारत में सामने आए कोरोना के मामले दुनिया के सबसे ज्यादा दैनिक मामले थे। गुरुवार को भारत ने 20 लाख का आंकड़ा पार किया। भारते में ये आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। भारत में संक्रमण की वृद्धि दर 3.1% है जो अमेरिका और ब्राजील से अधिक है। हालांकि मौत के आंकड़े की बात करें तो अमेरिका और ब्राजील भारत से आगे हैं ब्राजील और अमेरिका दोनों ने अगस्त में अब तक कोरोना से होने वाली 6,000 से अधिक मौतें दर्ज की हैं जबकि भारत का आंकड़ा 5,075 ही रहा।
शुक्रवार को महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश ने 10,000 मामले दर्ज किए। कम से कम पांच राज्यों ने एक दिन में सबसे ज्यादा सामने आने वाले मामले दर्ज किए जाने की सूचना दी। बिहार में 3,646 नए मामले, तेलंगाना में 2,207, ओडिशा में 1,833, पंजाब में 1,063 और मणिपुर में 249 मामले दर्ज किए गए। लगातार तीसरे दिन महाराष्ट्र में 10 हजार मामले दर्ज किए गए और 300 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 10,483 नए कोविड -19 मामलों और 300 मौतों की सूचना मिली। जिससे कुल मामलों की संख्या 4,90,262 तक पहुंच गई। जो 5 लाख के बहुत करीब है। जबकि मौतों की संख्या 17,092 है।
राज्य में बढ़ रहे मामलों में मुंबई की 8.2% की हिस्सेदारी है, शहर में दूसरे दिन 1,000 से कम 862 मामले सामने आए। जो पिछले दस दिनों में सबसे कम हैं। आंध्रप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना से होने वाली 89 मौतें दर्ज गईं जो राज्य में एक दिन में होने वाली सबसे ज्यादा मौते हैं। आंध्रप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के मामलों की संख्या 10,171 हो गई। जिसने इसे देश का तीसरा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावी राज्य बना दिया है। आंध्रप्रदेश में कुल मामलों की संख्या 2,06,960 है जो तमिलनाडु और महाराष्ट्र से कम है।आंध्रप्रदेश में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ कर 1,842 हो गया है। राज्य ने अपना पहला मामला 12 मार्च को दर्ज किया था जिसके बाद 27 जुलाई को ये आंकड़ा 1 लाख पार कर गया, इसके बाद अगले 11 दिनें में राज्य में 1 लाख नए मामले देखे गए।