राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री के बेटे-बहू को दिया आशीर्वाद
रायपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का रायपुर दौरा कई संयोग को एक साथ जोड़ गया। 3 फरवरी को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी एक्ट के 16 साल पूरे हुए। उसी दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की शादी की सालगिरह भी थी। वहीं मुख्यमंत्री के बेटे की शादी 6 फरवरी को होनी है। राहुल आए तो मुख्यमंत्री के परिजनों से भी मिले।
उन्होंने मुख्यमंत्री के बेटे-बहू को आशीर्वाद दिया। उनकी मौजूदगी में ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वेडिंग एनिवर्सरी का केक भी काटा गया। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का उद्घाटन करने के बाद राहुल गांधी और मंत्रिपरिषद के लोगों ने किसानों-मजदूरों के साथ भोजन किया। वहां से सेवाग्राम पर केंद्रित एक प्रदर्शनी और विचार गोष्ठी में शामिल हुए। वहां से राहुल गांधी हवाई अड्डे के लिए रवाना हुए। वीआईपी रोड पर हॉटल बेबीलोन में एक और कार्यक्रम उनका इंतजार कर रहा था। यहां मुख्यमंत्री ने बेटे चैतन्य और होने वाली बहू से उन्हें मिलाकर आशीर्वाद दिलाया।
वहीं पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मुक्तेश्वरी बघेल की शादी की सालगिरह मनाई गई। केक कटा और परिवार के लोगों के साथ राहुल गांधी भी उस बिल्कुल घरेलू समारोह का हिस्सा बने। करीब 10-15 मिनट वहां बिताकर राहुल गांधी हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।